8 घंटे हवा में उड़ता रहा एयर इंडिया का विमान, तकनीकी खराबी के बाद दिल्ली लौटी अमेरिका जाने वाली फ्लाइट
By : hashtagu, Last Updated : May 27, 2026 | 7:00 pm
नई Delhi: एयर इंडिया की अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ्लाइट AI-173 को तकनीकी खराबी (Technical Snag) के कारण बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। यह विमान करीब 8 घंटे तक हवा में उड़ता रहा, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इसे वापस राष्ट्रीय राजधानी लाया गया। विमान में करीब 230 यात्री सवार थे और सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान के ट्रैफिक कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम (TCAS) में तकनीकी समस्या सामने आई। यह सिस्टम उड़ान सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। खराबी का पता चलने के बाद एयर इंडिया ने विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला किया।
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान चीन के हवाई क्षेत्र तक पहुंच चुका था और कई घंटे हवा में रहने के बाद वापस मुड़ा। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। एयर इंडिया ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है। कुछ यात्रियों को होटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। एयर इंडिया ने इस असुविधा के लिए खेद जताया है।
पिछले कुछ महीनों में एयर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में तकनीकी समस्याओं के मामले सामने आए हैं। इससे पहले भी एयर इंडिया की कुछ फ्लाइट्स को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था, जिसके बाद एयरलाइन की तकनीकी व्यवस्था और संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



