25 साल बाद फिर साथ आए आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर, लाल अमरनाथ की बायोपिक में दिखेगा क्रिकेट का सुनहरा दौर
By : hashtagu, Last Updated : May 28, 2026 | 7:06 pm
मुंबई, महाराष्ट्र: बॉलीवुड अभिनेता (Actor) आमिर खान (Aamir Khan) एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार किरदार निभाने जा रहे हैं। आमिर अब भारतीय क्रिकेट (Indian Cricket) के दिग्गज खिलाड़ी लाल अमरनाथ की बायोपिक (Biopic) में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन फिल्ममेकर (Filmmaker) आशुतोष गोवारिकर करेंगे। खास बात यह है कि करीब 25 साल बाद आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की जोड़ी फिर से साथ काम करने जा रही है। इससे पहले दोनों ने सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ में साथ काम किया था, जो क्रिकेट पर आधारित थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक आमिर खान ने इस फिल्म के लिए हामी भर दी है और वह लाल अमरनाथ का किरदार निभाएंगे। लाल अमरनाथ को भारतीय क्रिकेट का पितामह माना जाता है। उन्होंने साल 1933 में भारत के लिए पहला टेस्ट शतक लगाया था। इसके अलावा आजाद भारत के पहले टेस्ट कप्तान भी वही बने थे। उनकी कप्तानी में भारत ने 1952 में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीती थी।
लाल अमरनाथ सिर्फ अपने क्रिकेट करियर के लिए ही नहीं बल्कि अपने परिवार के लिए भी जाने जाते हैं। उनके बेटे सुरिंदर अमरनाथ ने डेब्यू टेस्ट में शतक लगाया था, जबकि मोहिंदर अमरनाथ 1983 वर्ल्ड कप फाइनल में ‘मैन ऑफ द मैच’ बने थे।
बताया जा रहा है कि फिल्म में भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर और उस समय के क्रिकेट को भी बड़े स्तर पर दिखाया जाएगा। फिल्म की कहानी भावनात्मक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। खबरों के अनुसार अभिनेता फरहान अख्तर भी इस फिल्म में अहम भूमिका निभा सकते हैं। माना जा रहा है कि वह एक पाकिस्तानी क्रिकेटर के किरदार में नजर आएंगे, जो लाल अमरनाथ के करीबी दोस्त होंगे।
आमिर खान ने अपने करियर में बहुत कम बायोपिक फिल्मों में काम किया है। ‘मंगल पांडे’ के बाद यह उनका दूसरा बड़ा ऐतिहासिक किरदार माना जा रहा है। इससे पहले उन्हें गुलशन कुमार और दादासाहेब फाल्के की बायोपिक भी ऑफर हुई थी, लेकिन उन्होंने उन फिल्मों को नहीं किया।
फिल्म को लेकर क्रिकेट और बॉलीवुड फैंस के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है। ‘लगान’ के बाद एक बार फिर क्रिकेट और इतिहास के मेल से बनी यह फिल्म बड़े पर्दे पर खास साबित हो सकती है।




