कांग्रेस कार्यकाल में बोरे-बासी खिलाने पर एक आदमी पर ₹1795 खर्च: एक थाली ₹32 की, तामझाम में खर्चा ज्यादा
By : hashtagu, Last Updated : July 15, 2025 | 5:11 pm
रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछली कांग्रेस सरकार (Congress government) के समय में श्रमिकों के लिए मनाए गए ‘बोरे बासी तिहार’ पर सरकारी खर्च को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। विधानसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह जानकारी सामने आई है कि, करीब 50 हजार श्रमिकों को बोरे बासी खिलाने के लिए सरकार ने करीब 9 करोड़ रुपए खर्च कर दिए थे।
इस हिसाब से एक आदमी पर सरकार ने करीब ₹1795 रुपये खर्च किए, लेकिन भोजन पर खर्च सिर्फ ₹32 के आसपास बैठता है। ये जानकारी आज 15 जुलाई 2025 को छत्तीसगढ़ विधानसभा में दी गई।
तखतपुर से विधायक धर्मजीत सिंह ने पूछा था कि बोरे बासी दिवस का आयोजन किस उद्देश्य से हुआ, कितने लोग शामिल हुए और कितना खर्च आया? इस पर वाणिज्य और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने लिखित जवाब दिया है।
क्या था आयोजन?
1 मई 2023 को, अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर श्रम विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में ‘बोरे बासी तिहार’ मनाया गया था। सरकार ने इसे ‘श्रम सम्मेलन’ के रूप में मनाया और कहा कि इसका उद्देश्य श्रमिकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। आयोजन में श्रमिकों को पारंपरिक भोजन बोरे बासी खिलाया गया।
कार्यक्रम का संचालन राज्य के सभी जिलों के जिला श्रम कार्यालयों के माध्यम से किया गया।
कितने लोग शामिल हुए?
तत्कालीन सरकार की योजना थी कि इस आयोजन में 1 लाख 30 हजार श्रमिकों को शामिल किया जाएगा। हालांकि जवाब में बताया गया कि वास्तव में करीब 50 हजार श्रमिक ही कार्यक्रम में शामिल हो सके।
जबकि जानकारी के मुताबिक इस दिन केवल 35 हजार कुर्सियां लगीं और 1.10 करोड़ रुपए खर्च कर 6 विशाल डोम बने।
