कांकेर में 100 नक्सलियों ने किया सरेंडर माओवादी संगठनों पर बढ़ा दबाव

राजू सलाम कंपनी नंबर 5 का कमांडर था और रावघाट इलाके में सक्रिय था। पिछले 20 वर्षों में कांकेर में हुई कई बड़ी घटनाओं का वह मास्टरमाइंड माना जाता है।

  • Written By:
  • Publish Date - October 16, 2025 / 12:02 PM IST

कांकेर छत्तीसगढ़:  छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों (Naxalites) ने बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण किया है। करीब 100 नक्सलियों ने जंगलों से बाहर आकर कामतेड़ा BSF कैंप में हथियार डाले। इन नक्सलियों में टॉप लीडर राजू सलाम कमांडर प्रसाद और मीना शामिल हैं। सभी नक्सलियों को बस के जरिए सुरक्षा व्यवस्था में कैंप लाया गया। कैंप में सुरक्षा कारणों से हाई अलर्ट जारी है।

राजू सलाम कंपनी नंबर 5 का कमांडर था और रावघाट इलाके में सक्रिय था। पिछले 20 वर्षों में कांकेर में हुई कई बड़ी घटनाओं का वह मास्टरमाइंड माना जाता है। इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों के मुख्यधारा में आने से इलाके में नक्सलवाद खत्म होने की उम्मीद और मजबूत हुई है। पुलिस सभी नक्सलियों की पहचान कर रही है और जल्द ही इन्हें मीडिया के सामने पेश किया जाएगा।

इसके साथ ही महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 6 करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति ने 60 साथियों के साथ सरेंडर किया। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने भूपति समेत 61 नक्सलियों ने औपचारिक रूप से हथियार डाले। भूपति तेलंगाना का रहने वाला है और 80 के दशक से माओवादी संगठन से जुड़ा था। वह छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र तेलंगाना आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित कई राज्यों में मोस्ट वांटेड था।

सुकमा जिले में भी 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें 10 महिलाएं और 17 पुरुष शामिल हैं। इन पर कुल 50 लाख रुपए का इनाम था। सरेंडर करने वालों में पीएलजीए बटालियन और रिजनल मिलिट्री कंपनी के हार्डकोर माओवादी शामिल हैं। सभी ने SP किरण चव्हाण और CRPF कोबरा यूनिट के सामने हथियार डाले। उन्होंने बताया कि वे सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के दबाव के कारण संगठन छोड़ रहे हैं।

बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कि पिछले 20 महीनों में 1876 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। ये सभी लोग समाज की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ ले रहे हैं। उनका कहना है कि आने वाले समय में और माओवादी भी इस रास्ते पर आएंगे।

सरकार ने सभी आत्मसमर्पित माओवादियों को 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और पुनर्वास की सुविधाएं देने की घोषणा की है।