बस्तर के सर्वांगीण विकास का रोडमैप: कांकेर-पखांजूर में सीएम विष्णु देव साय ने 284 करोड़ के कार्यों की दी सौगात

By : hashtagu, Last Updated : January 16, 2026 | 8:19 pm

पखांजूर, कांकेर | 16 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने कहा है कि बस्तर अंचल का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश नक्सलवाद के अंत की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इसके बाद बस्तर क्षेत्र में विकास और अधिक गति से दिखाई देगा। मुख्यमंत्री कांकेर जिले के पखांजूर में आयोजित कार्यक्रम में 284 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में परलकोट क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि नए शिक्षा सत्र से बंग समाज के 135 ग्रामों की प्राथमिक शालाओं में बांग्ला भाषा में पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही संबलपुर से दुर्गूकोंदल होते हुए पखांजूर तक सड़क निर्माण, पखांजूर मंडी गेट से अंजाड़ी नाला तक गौरवपथ निर्माण, मछली मार्केट से नर-नारायण सेवा आश्रम तक सीसी सड़क, शासकीय कन्या शाला मैदान में बाउंड्रीवाल निर्माण, पखांजूर में फायर ब्रिगेड वाहन सेवा प्रारंभ करने और सिविल अस्पताल पखांजूर में धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर स्थापित करने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक कार्यों में स्वच्छता और पारदर्शिता के साथ विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों के अनुरूप प्रदेश सरकार तेज गति से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दो वर्षों की अवधि में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 8 लाख हितग्राही गृह प्रवेश कर चुके हैं। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में नियद नेल्लानार, धरती आबा अभियान और पीएम जनमन जैसी योजनाओं से विकास कार्यों को गति मिली है। मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना को पुनः शुरू किया गया है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी की जा रही है। कार्यक्रम को कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग और अंतागढ़ विधायक श्री विक्रमदेव उसेण्डी ने भी संबोधित किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री साय नर-नारायण सेवा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने आश्रम के संस्थापक स्वामी सत्यानंद परमहंस के तैलचित्र और प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। मुख्यमंत्री ने पखांजूर के मुख्य मार्ग पर स्थित परकोट विद्रोह के क्रांतिकारी शहीद गैंद सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री आशाराम नेताम, राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, पूर्व सांसद श्री मोहन मण्डावी, पूर्व विधायक श्री मंतूराम पवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।