भारत माला जमीन घोटाला: फरार अफसर निर्भय साहू गिरफ्तार, 32 करोड़ के खेल का बड़ा खुलासा

जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत भारतमाला परियोजना में जमीन अधिग्रहण के दौरान हुए बड़े फर्जीवाड़े से जुड़ा है।

  • Written By:
  • Publish Date - March 18, 2026 / 12:10 AM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना (Bharatmala Project) से जुड़े जमीन मुआवजा (Land Compensation), घोटाला (Scam) और भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। लंबे समय से फरार चल रहे राजस्व विभाग के अधिकारी निर्भय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

निर्भय साहू इस बहुचर्चित घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल थे और काफी समय से जांच एजेंसियों से बच रहे थे। उन्हें एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध शाखा (ACB/EOW) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पकड़ा है।

जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत भारतमाला परियोजना में जमीन अधिग्रहण के दौरान हुए बड़े फर्जीवाड़े से जुड़ा है। आरोप है कि जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर कर मुआवजे की रकम को कई गुना बढ़ाकर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

बताया गया है कि जमीन को पिछली तारीखों में अलग-अलग हिस्सों में बांटकर फर्जी तरीके से अधिक मुआवजा लिया गया। यहां तक कि पहले से अधिग्रहित जमीन को भी नए अधिग्रहण के रूप में दिखाकर दोबारा भुगतान किया गया।

इस घोटाले से सरकार को करीब 32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मामले में कई अन्य अधिकारी, कर्मचारी और जमीन कारोबारी भी जांच के दायरे में हैं और पहले भी कुछ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

जांच एजेंसियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में अहम साबित होगी और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।