रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत और पूर्व संसदीय सचिव चम्पादेवी पावले (Former Parliamentary Secretary Champadevi Pawle) ने कांग्रेस सरकार के मंत्री कवासी लखमा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि मंत्री लखमा अपने बयान से जिस तरह छत्तीसगढ़ की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं, इसका खामियाजा प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भुगतना पड़ेगा। भाजपा नेत्रियों ने कहा कि गंगाजल की सौगंध लेकर पूर्ण शराबबंदी का वादा करके कांग्रेस सत्ता में आ गई। शराबबंदी के वादे पर प्रदेश की मातृ-शक्ति से धोखाधड़ी करने वाली कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार को अब इस शराब का नशा चढ़ गया है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राजपूत व पूर्व संसदीय सचिव पावले ने कहा कि राजधानी रायपुर में एडिशनल एसपी कार्यालय के पास जयस्तंभ चौक में नाबालिग किशोरी से गैंगरेप हो जाता है। इससे अधिक दुर्भाग्यजनक और क्या हो सकता है? यह घटना कोई अचानक नहीं हुई है। लगातार प्रदेशभर में अनाचार की घटनाएँ हो रही हैं। रायपुर शहर में खुलेआम एक व्यक्ति गंडासा हाथ में लिए लड़की को लेकर घूमता है और सरकार हाथ-पर-हाथ धरे बैठे रहती है। जिस प्रकार से घटनाएँ हो रही हैं, अब तो सिर्फ मुख्यमंत्री निवास ही बचा है। भाजपा नेत्रियों ने कहा कि गोबर खरीदी और वर्मी व सुपर कम्पोस्ट खाद के नाम पर महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन की डींगें हाँकती प्रदेश सरकार की जमीनी सच्चाई यह है कि जगदलपुर में शहरी गौठान में गोबर से वर्मी और सुपर कम्पोस्ट खाद बनाने वाली महिलाएँ परेशान हैं, क्योंकि खाद बनाने के बाद इन महिलाओं को न तो पैसा ही मिल रहा है और न ही उन्हें यह बताया जा रहा है कि कितने रुपए की खाद बेची गई? विवश महिलाओं ने त्रस्त होकर गुरुवार को अंतत: जगदलपुर नगर निगम के सामने धरना दिया। भाजपा नेत्रियों ने इस बात पर भी गहरा क्षोभ व्यक्त किया कि ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ का नारा देने वाली प्रियंका वाड्रा छत्तीसगढ़ में होते हुए एक शब्द भी नहीं कहती हैं।
यह भी पढ़ें : एनडीए गठबंधन में शामिल हुआ जेडीएस, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने की घोषणा
यह भी पढ़ें : गैंगरेप पर रंजना बोलीं! ऐसे मामलों में ‘मुख्यमंत्री जी’ क्यों मौन हैं ?…VIDEO