रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (Pradhan Mantri Awas Yojana-PMAY) के तहत पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक घर (Houses) बनकर तैयार हो गए हैं। राज्य सरकार का दावा है कि ग्रामीण आवास निर्माण में छत्तीसगढ़ ने देश में सबसे तेज प्रगति दर्ज की है।
सरकार के अनुसार, दिसंबर 2023 में नई सरकार के गठन के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों के लिए राशि जारी करने का फैसला लिया गया था। इसके बाद लगातार अभियान चलाकर राज्यभर में 11 लाख से ज्यादा आवासों का निर्माण पूरा किया गया।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से करीब 6 लाख आवास पिछले वित्तीय वर्ष में पूरे किए गए, जो एक ही वर्ष में किसी भी राज्य द्वारा सबसे अधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड बताया गया है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल से 9 जुलाई के बीच पहले 100 दिनों में 1.51 लाख आवास पूरे किए जा चुके हैं। इस दौरान औसतन 1,500 से अधिक घर प्रतिदिन बनाए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को नए घरों की चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर उन्होंने ‘मोर गांव-मोर पानी’ (Mor Gaon-Mor Pani) अभियान की प्रगति रिपोर्ट भी जारी की।
सरकार ने बताया कि 24 अप्रैल 2025 को शुरू किए गए ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के लिए एक लाख से अधिक कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी और इन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) तथा राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से लागू किया जा रहा है।