छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, पहली कक्षा में दाखिले की उम्र 6 साल, 2027 से 1 अप्रैल से खुलेंगे स्कूल

1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी और इसी दौरान विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

  • Written By:
  • Publish Date - July 9, 2026 / 02:48 PM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत स्कूल शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब शैक्षणिक सत्र 2027-28 से राज्य के सभी स्कूलों में कक्षा पहली (Class 1) में प्रवेश (Admission) के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु (Minimum Age) 6 वर्ष अनिवार्य होगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

नई व्यवस्था के तहत वर्ष 2027 से प्रदेश के सभी स्कूल 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से खुलेंगे। 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी और इसी दौरान विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही छात्रों को समय पर निशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म और पात्र विद्यार्थियों को साइकिल का वितरण भी किया जाएगा।

इसके बाद 1 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। छुट्टियां समाप्त होने के बाद विद्यार्थी दोबारा नियमित रूप से कक्षाओं में शामिल होंगे। सरकार का मानना है कि इससे सत्र की शुरुआत समय पर होगी और पढ़ाई का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक समय उपलब्ध कराना, समय पर पूरा पाठ्यक्रम समाप्त कराना और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सुधार लाना है।

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होकर अगले वर्ष 31 मार्च तक चलेगा। यह व्यवस्था केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तर्ज पर लागू की जाएगी, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बनाया जा सके।