रायपुर: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ (Vote Chor Gaddi Chor) अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। पार्टी ने प्रदेशभर में चलाए गए इस हस्ताक्षर अभियान के तहत 20 लाख से अधिक हस्ताक्षर जुटाए हैं, जिन्हें आज राजधानी रायपुर से दिल्ली रवाना किया जाएगा। यह अभियान भाजपा पर लगाए जा रहे वोट चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर चलाया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज रायपुर से इन दस्तावेजों के बंडल को दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह अभियान सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता के सहयोग से चलाया गया जनआंदोलन है।
कांग्रेस के “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत पूरे प्रदेश में चल रहे हस्ताक्षर अभियान में प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस तुकाराम चंद्रवंशी जी सहित कांग्रेसजनों ने जिला कबीरधाम में हजारों भरे हुए हस्ताक्षर फार्म प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज जी को सौंपे। pic.twitter.com/dSPKGpefRt
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) November 2, 2025
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाता सूची की जांच पांच प्रमुख बिंदुओं पर करवाई—
डुप्लीकेट मतदाता, फर्जी या अमान्य पते, एक ही पते पर थोक में दर्ज वोटर, अमान्य तस्वीरें और फॉर्म-6 के दुरुपयोग की शिकायतें।
कांग्रेस का दावा है कि इस जांच में कई विसंगतियां सामने आईं, जिन्हें लेकर पार्टी ने जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाया।
यह अभियान 16 सितंबर से शुरू हुआ था और इसमें 40 जिलों, 307 ब्लॉक इकाइयों और 28,000 से अधिक बूथ समितियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों से हस्ताक्षर कराए और उन्हें मतदाता सूची की पारदर्शिता के महत्व के बारे में बताया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा, “जनता ने इस अभियान को जबरदस्त समर्थन दिया है। लोग समझ चुके हैं कि वोट की चोरी लोकतंत्र की हत्या के समान है। इसलिए हर वर्ग ने कांग्रेस के आंदोलन में भागीदारी दिखाई।”
पार्टी का कहना है कि दिल्ली पहुंचने के बाद यह हस्ताक्षर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपे जाएंगे, जो इस मुद्दे को चुनाव आयोग और संसद के समक्ष उठाएगा। कांग्रेस को उम्मीद है कि इस पहल से देशभर में वोटर लिस्ट की पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों को लेकर नई बहस शुरू होगी।