छत्तीसगढ़ IAS Transfer 2026: 42 आईएएस अफसरों का बड़ा तबादला, कई जिलों के कलेक्टर बदले

सरकार ने प्रशासनिक कसावट (Administrative Tightening) और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है।

  • Written By:
  • Publish Date - May 6, 2026 / 06:13 PM IST

नवा रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल (Administrative Reshuffle) करते हुए 42 आईएएस (IAS Officers) अधिकारियों का तबादला (Transfer) कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (General Administration Department) द्वारा जारी आदेश में अपर मुख्य सचिव (Additional Chief Secretary), प्रमुख सचिव (Principal Secretary) और कई जिलों के कलेक्टर (Collector) के पदों में बदलाव किया गया है। सरकार ने प्रशासनिक कसावट (Administrative Tightening) और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। नवा रायपुर स्थित महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने ऋचा शर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि मनोज कुमार पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। इस बदलाव में कोरिया, बीजापुर, सूरजपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। वहीं आईएफएस मयंक अग्रवाल को चिप्स में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।

सरकार द्वारा जारी सूची के मुताबिक ऋचा शर्मा को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से हटाकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज कुमार पिंगुआ को गृह एवं जेल विभाग से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में भेजा गया है। सुबोध कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के साथ ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। निहारिका बारिक को पंचायत एवं ग्रामीण विकास से हटाकर गृह एवं जेल विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। शहला निगार को कृषि उत्पादन आयुक्त से महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है।

रोहित यादव को जनसंपर्क एवं ऊर्जा विभाग से हटाकर वित्त विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि कमलप्रीत सिंह को लोक निर्माण विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में भेजा गया है। परदेशी सिद्धार्थ कोमल को स्कूल शिक्षा से कृषि एवं कृषि उत्पादन आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। रीना बाबा साहेब कंगाले को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति से वाणिज्यिक कर विभाग में भेजा गया है। अविनाश चंपावत को सामान्य प्रशासन विभाग के साथ उच्च शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार मिला है।

मुकेश कुमार बंसल को वित्त विभाग से हटाकर लोक निर्माण विभाग और वाणिज्यिक कर विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आर. शंगीता को वाणिज्यिक कर से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भेजा गया है। भुवनेश यादव को समाज कल्याण से योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। एस. भारतीदासन को कौशल विकास से पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग में भेजा गया है। शम्मी आबिदी को महिला एवं बाल विकास से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

बसवराजू एस. को मुख्यमंत्री सचिवालय से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग में भेजा गया है। मोहम्मद कैसर अब्दुलहक को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के साथ जल जीवन मिशन का प्रभार दिया गया है। राजेश सिंह राणा को क्रेडा से ग्रामोद्योग विभाग का सचिव बनाया गया है। महादेव कावरे को रायपुर संभाग से सहकारिता विभाग में आयुक्त बनाया गया है, जबकि श्याम लाल धावड़े को ग्रामोद्योग से रायपुर संभाग का आयुक्त बनाया गया है।

सारांश मित्तर को आदिम जाति विकास विभाग से क्रेडा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। पदुम सिंह एल्मा को स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन से आबकारी आयुक्त बनाया गया है। संजीव कुमार झा को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रभार दिया गया है, जबकि रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से समाज कल्याण विभाग भेजा गया है।

जिला स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। पुष्पा साहू को कोरिया जिले का कलेक्टर बनाया गया है। राजेन्द्र कुमार कटारा को बलरामपुर-रामानुजगंज से हटाकर स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। एस. जयवर्धन को सूरजपुर से हटाकर कोष एवं लेखा विभाग भेजा गया है। डी. राहुल वेंकट को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से आदिम जाति विकास विभाग में आयुक्त बनाया गया है।

चंदन संजय त्रिपाठी को कोरिया से बलरामपुर-रामानुजगंज का कलेक्टर बनाया गया है। लीना कमलेश मण्डावी को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से हटाकर खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। संतोष देवी जांगड़े को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का कलेक्टर बनाया गया है। संजय कन्नौजे को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से संस्कृति विभाग भेजा गया है और पद्मिनी भोई साहू को सारंगढ़-बिलाईगढ़ का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

संबित मिश्रा को बीजापुर से रायपुर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है, जबकि रेना जमील को सूरजपुर का कलेक्टर बनाया गया है। विश्वदीप को रायपुर नगर निगम से बीजापुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। रीता यादव को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड से माध्यमिक शिक्षा मंडल का सचिव बनाया गया है। ऋषभ कुमार पाराशर को वित्त विभाग के साथ बजट और स्थानीय निधि संपरीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।