छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कांग्रेस दफ्तर तक पहुंची जांच, राजीव भवन के 4 कर्मचारियों से 10 घंटे पूछताछ

जानकारी के मुताबिक, EOW की टीम ने सुबह करीब 11 बजे सभी कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया।

  • Written By:
  • Publish Date - March 31, 2026 / 11:40 PM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले (Chhattisgarh liquor scam) की जांच अब कांग्रेस दफ्तर (Congress office) तक पहुंच गई है। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा यानी EOW (Economic Offences Wing) ने कार्रवाई तेज करते हुए मंगलवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में काम करने वाले अकाउंटेंट, ऑफिस बॉय और प्यून समेत 4 कर्मचारियों को पूछताछ के लिए तलब किया।

जानकारी के मुताबिक, EOW की टीम ने सुबह करीब 11 बजे सभी कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया। इनमें अकाउंटेंट शिशुपाल साहू, गजेन्द्र यादव और सोहन सहित कुल 4 कर्मचारी शामिल हैं। इन सभी से पिछले करीब 10 घंटे से लगातार पूछताछ की जा रही है। टीम वित्तीय लेन-देन से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और पैसों के प्रवाह को समझने की कोशिश कर रही है।

जांच के दौरान अधिकारियों ने बैंक खातों की जानकारी भी मांगी है। अकाउंटेंट से पिछले तीन साल के बैंक खातों का पूरा ब्योरा मांगा गया है। इसके साथ ही कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिन्हें जांच के दायरे में लाया गया है। एजेंसी अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि पार्टी फंड में जमा हुई रकम का इस्तेमाल किस तरह किया गया और कहीं इसमें किसी तरह की अनियमितता तो नहीं हुई।

इस बीच, शराब घोटाले की जांच कर रही EOW और ED प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की भी तलाश कर रही हैं। बताया जा रहा है कि वे पिछले कई वर्षों से फरार हैं। दोनों एजेंसियां उनकी भूमिका को लेकर गंभीरता से जांच कर रही हैं और उनसे जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल जारी है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।