छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कवासी लखमा और चैतन्य बघेल समेत 59 आरोपी ED कोर्ट में पेश, 82 तक पहुंची आरोपियों की संख्या

इस केस में अब तक कुल 82 लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। एडवोकेट फैजल रिजवी के मुताबिक, कोर्ट के सामने पहले ही अभियोग पत्र पेश किया जा चुका है।

  • Written By:
  • Publish Date - April 2, 2026 / 03:56 PM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला (liquor scam) मामले में आज ईडी (Enforcement Directorate) की स्पेशल कोर्ट में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल समेत कुल 59 आरोपी पेश हुए। इस मामले में 28 आबकारी अधिकारी भी शामिल हैं। सभी आरोपियों के बयान धारा 88 के तहत कोर्ट में दर्ज किए गए।

इस केस में अब तक कुल 82 लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। एडवोकेट फैजल रिजवी के मुताबिक, कोर्ट के सामने पहले ही अभियोग पत्र पेश किया जा चुका है। ईडी ने फाइनल चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें पहले 23 आरोपी थे, लेकिन अब इस संख्या को बढ़ाकर 59 कर दिया गया है।

जांच एजेंसी ने इन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है और बिना गिरफ्तारी के ही चार्जशीट दाखिल की गई है। अधिकतर आरोपियों ने सीआरपीसी के तहत आवेदन भी कोर्ट में पेश किया है।

इस मामले में हाल ही में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने भी कार्रवाई तेज की है। तीन दिन पहले दो शराब निर्माता कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके ट्रक जब्त किए गए थे। इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में कार्यरत एक अकाउंटेंट समेत चार लोगों को पूछताछ के लिए EOW दफ्तर बुलाया गया था, जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई।

शराब घोटाला मामले में लगातार हो रही जांच और कार्रवाई के चलते प्रदेश की सियासत भी गरमाई हुई है और आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।