छत्तीसगढ़ में बिजली व्यवस्था होगी हाईटेक, AI तकनीक से सुधरेगी पावर सप्लाई : सुबोध कुमार सिंह

चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि पावर सेक्टर में आधुनिक तकनीक और AI का अधिकतम उपयोग किया जाए ताकि उपभोक्ता केंद्रित विद्युत व्यवस्था तैयार की जा सके।

  • Written By:
  • Publish Date - May 8, 2026 / 08:27 PM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज (Chhattisgarh State Power Companies) के चेयरमैन सुबोध कुमार Singh ने राज्य में बिजली सप्लाई (Power Supply) को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया है। रायपुर के डंगनिया मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण कंपनियों के कामकाज की समीक्षा की गई। चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि पावर सेक्टर में आधुनिक तकनीक और AI का अधिकतम उपयोग किया जाए ताकि उपभोक्ता केंद्रित विद्युत व्यवस्था तैयार की जा सके। उन्होंने डेटा आधारित निर्णय लेने पर जोर देते हुए कहा कि इससे फॉल्ट मॉनिटरिंग, लोड मैनेजमेंट और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और ज्यादा प्रभावी होगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वरिष्ठ अफसरों से लेकर लाइनमैन तक सभी कर्मचारियों को आधुनिक कार्यप्रणाली और नई तकनीकों के अनुरूप तैयार किया जाए। इससे मॉनिटरिंग सिस्टम मजबूत होगा और उपभोक्ताओं को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

सुबोध कुमार सिंह ने बिजली कंपनियों के तीनों विंग की अलग-अलग समीक्षा बैठक भी ली। इस दौरान कई लंबित परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए भवनों के निर्माण और अधूरे प्रोजेक्ट तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

बैठक में 1912 टोल फ्री कॉल सेंटर को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। चेयरमैन ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का तेजी से समाधान करना बिजली कंपनियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए रिस्पॉन्स टाइम कम किया जाए और शिकायत निवारण व्यवस्था को तकनीकी रूप से और बेहतर बनाया जाए।

इस समीक्षा बैठक में जनरेशन कंपनी के एमडी एसके कटियार, ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी राजेश कुमार शुक्ला, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी भीम सिंह कंवर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बिजली क्षेत्र में AI के इस्तेमाल को लेकर देशभर में तेजी से काम हो रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बिजली सप्लाई की गुणवत्ता, लोड मैनेजमेंट और ग्रिड संचालन को और अधिक स्मार्ट बनाया जा सकता है।