रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और सत्ता के गलियारों में बुधवार शाम अचानक हलचल तेज हो गई, जब प्रदेश के सभी मंत्रियों को रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास (CM House) पहुंचने का संदेश मिला। इस अचानक बुलावे के बाद कई मंत्रियों ने अपने जिला भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम रद्द कर दिए तथा तत्काल रायपुर के लिए रवाना हो गए।
बीजेपी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों को महत्वपूर्ण चर्चा के लिए मुख्यमंत्री निवास बुलाया है। हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा (Agenda) अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन इसे सरकार (Government) और संगठन (Organization) से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक कई मंत्री दिनभर अपने प्रभार वाले जिलों में सरकारी कार्यक्रमों और बैठकों में व्यस्त थे, लेकिन देर शाम उन्हें तत्काल रायपुर पहुंचने के निर्देश मिले। निर्देश मिलते ही मंत्री राजेश अग्रवाल उदयपुर से रायपुर पहुंच गए। वहीं मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एमसीबी जिले में आयोजित कार्यक्रम को बीच में छोड़ दिया और सीधे रायपुर के लिए रवाना हो गए।
अचानक हुई इस बैठक की सूचना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बैठक में आगामी प्रशासनिक फैसलों, संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभा सत्र की तैयारियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा पर चर्चा हो सकती है।
इसके साथ ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक किसी भी विषय पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री निवास में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों को इंतजार है कि देर रात होने वाली इस बैठक से कौन से बड़े फैसले निकलकर सामने आते हैं और क्या सरकार संगठन तथा प्रशासन से जुड़े किसी महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा करती है।