छत्तीसगढ़ को 6800 करोड़ का नया निवेश, दिल्ली में CM साय की सीधी बातचीत
By : dineshakula, Last Updated : November 25, 2025 | 6:20 pm
By : dineshakula, Last Updated : November 25, 2025 | 6:20 pm
नई दिल्ली | छत्तीसगढ़ सरकार (Chhattisgarh government) को मंगलवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में उद्योग और पर्यटन क्षेत्र के लिए 6800 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले। इसमें 6321.25 करोड़ का औद्योगिक निवेश और 505 करोड़ का पर्यटन निवेश शामिल है। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं से 3000 से अधिक रोजगार अवसर बनने की उम्मीद है। इन प्रस्तावों के साथ छत्तीसगढ़ को अब तक मिले कुल निवेश की राशि बढ़कर 7.90 लाख करोड़ रुपए हो गई है।
कार्यक्रम का आयोजन होटल द ललित में हुआ, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उद्यमियों से सीधी बातचीत की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का सबसे भरोसेमंद और तेजी से उभरता औद्योगिक केंद्र बन रहा है। साय ने निवेशकों को बताया कि राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम, पर्याप्त ऊर्जा, खनिज संसाधनों की उपलब्धता और निवेशक-हितैषी नीतियां उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित एनर्जी समिट में भी छत्तीसगढ़ को साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले थे। उन्होंने कहा कि राज्य न सिर्फ स्टील हब है, बल्कि ग्रीन स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब निवेश और टूरिज्म का उभरता केंद्र है, जहां सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचा पिछले वर्षों में काफी मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, मुख्य सचिव विकास शील, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
देश का सबसे भरोसेमंद और तेजी से उभरता औद्योगिक गंतव्य बन रहा है छत्तीसगढ़।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज नई दिल्ली में आयोजित “इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को स्टील, ऊर्जा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों से राज्य में उद्योग… pic.twitter.com/RUpE76pEQo
— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) November 25, 2025
मुख्य औद्योगिक निवेश प्रस्ताव
ग्रीन एनर्जी इनोवेशन: वेस्ट-टू-एनर्जी के 50MW प्लांट के लिए 3,769 करोड़
जेके लक्ष्मी सीमेंट: प्लांट क्षमता विस्तार हेतु 1,816.5 करोड़
आरती कोटेड स्टील: 315 करोड़, 550 रोजगार
एसडीआरएम मेटैलिक्स: 195.75 करोड़, 492 रोजगार
आरएसएलडी बायोफ्यूल (इथेनॉल प्लांट): 200 करोड़, 213 रोजगार
अरमानी ग्रुप: मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के लिए 25 करोड़
पर्यटन क्षेत्र के निवेश प्रस्ताव
मार्स विवान होटल (217 कमरे): 220 करोड़
हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट: 200 करोड़
विद्या इन होटल: 25 करोड़
पीएसए रिजॉर्ट, जगदलपुर: 60 करोड़