साय सरकार के 2 साल पूरे: CM साय ने जनता को बताया सेवा और विकास का सफर

By : ira saxena, Last Updated : December 13, 2025 | 10:26 am

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) ने अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा कि सेवायात्रा के ये दो वर्ष उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण रहे हैं, क्योंकि यह समय केवल शासन का नहीं बल्कि सेवा और समर्पण का रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के साथ चलने और उनकी मुस्कान में अपने दायित्व का प्रतिबिंब देखने का अवसर उन्हें मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि बीते दो वर्षों में छत्तीसगढ़ के हर कोने में विकास का दीप जलाने की कोशिश की गई। किसानों की मेहनत को सम्मान देने के लिए सुविधाएं बढ़ाई गईं ताकि उन्हें अपनी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिल सके। युवाओं के भविष्य को मजबूत करने के लिए नई भर्तियों, प्रशिक्षण और औद्योगिक अवसरों के द्वार खोले गए।

उन्होंने बताया कि आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों का विस्तार किया गया, जिससे विकास की रोशनी उन क्षेत्रों तक पहुंची जहां पहले उम्मीदें कमजोर थीं। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी नए कदम उठाए गए, ताकि हर घर में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का वातावरण बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों के बीच सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ है कि शासन अब जनता के द्वार तक पहुंचा है। प्रशासन और आम लोगों के बीच जो दूरी पहले थी, वह अब सहभागिता में बदल रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विश्वास और स्थिरता के एक नए अध्याय की ओर आगे बढ़ रहा है।

भविष्य की योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आने वाले वर्षों में शिक्षा, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास पर और तेज गति से काम किया जाएगा। लक्ष्य ऐसा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां हर युवा को अवसर मिले, किसान को गर्व हो और हर नागरिक को यह भरोसा हो कि उसका शासन उसके साथ खड़ा है।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकास यात्रा में सुझाव, परिश्रम और विश्वास के साथ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है और वही छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।