सीएम विष्णुदेव साय ने दी तीजन बाई को अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार का किया ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी कला और योगदान हमेशा अमर रहेंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - July 5, 2026 / 06:56 PM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई (Teejan Bai) को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान (State Honours) के साथ कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर स्थित एम्स (AIIMS) पहुंचे, जहां उन्होंने तीजन बाई के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी कला और योगदान हमेशा अमर रहेंगे। उन्होंने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में नई पहचान दिलाई। उनके निधन से कला और संस्कृति जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि तीजन बाई का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। यह सम्मान उनके जीवनभर के सांस्कृतिक योगदान और छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में निभाई गई उनकी ऐतिहासिक भूमिका के प्रति श्रद्धांजलि है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। तीजन बाई को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा गया था। उन्होंने अपनी अनूठी गायन शैली और प्रभावशाली प्रस्तुति से पंडवानी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई।