रायपुर। मुख्यमंत्री निवास (CM House) आज आम जनता के लिए फिर से खुलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार, 13 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जनदर्शन कार्यक्रम के तहत सीधे जनता से मिलेंगे। इस दौरान वे लोगों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुनेंगे और तत्काल समाधान के निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में आने वाले हर आवेदन का संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ निपटारा किया जाए। पूरा जनदर्शन सिस्टम कम्प्यूटरीकृत है ताकि शिकायतों की निगरानी और समाधान पारदर्शी और समयबद्ध रूप से हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और आपसी विश्वास को मजबूत करना है।
जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिक सीधे मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रख सकेंगे। कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री नागरिकों को सरकारी योजनाओं और नई पहलों की जानकारी भी देंगे। इस आयोजन को जनभागीदारी और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
जनदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत 27 जून 2024 को हुई थी। उस दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी संख्या में आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना था। हालांकि कुछ ही समय बाद कार्यक्रम की नियमितता में कमी आई और सुराज अभियान के दौरान यह पूरी तरह बंद हो गया था। अब एक बार फिर इसे शुरू किया जा रहा है ताकि जनता की आवाज़ सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचे।