कांग्रेस भरोसा यात्रा : जब ‘भूपेश’ ने चलाई बुलेट! 90 विधानसभा में दिग्गज भी हुए शामिल

गांधी जयंती के दिन 'कांग्रेस भरोसा यात्रा' निकाली गई। यह यात्रा सभी 90 विधानसभा सीटों (90 Assembly seats) पर निकाली जा रही है।

  • Written By:
  • Updated On - October 2, 2023 / 04:27 PM IST

रायपुर। गांधी जयंती के दिन ‘कांग्रेस भरोसा यात्रा’ (Congress Bharosa Yatra) निकाली गई। यह यात्रा सभी 90 विधानसभा सीटों (90 Assembly seats) पर निकाली जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन में बुलेट लेकर जनता के बीच पहुंचे। वहीं अंबिकापुर में प्रभारी सैलजा और डिप्टी सीएम सिंहदेव यात्रा में शामिल हुए।

वहीं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग विधानसभा में जीप से रैली निकली। साथ ही कोंडागांव में मंत्री मोहन मरकाम भी बुलेट पर सवार होकर भरोसा यात्रा में शामिल हुए। प्रदेशभर में करीब 2700 किलोमीटर की यात्रा पूरी की जाएगी। कांग्रेस नेता लोगों से मिल रहे हैं और सरकार की उपलब्धि बता रहे हैं।

भरोसा यात्रा के जरिए कांग्रेस विधायक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में बता रहे हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में 20-30 किलोमीटर की रैली निकाली जा रही है। सभी विधायकों को अपने-अपने क्षेत्र में यात्रा की अगुवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जिन क्षेत्रों में कांग्रेस के विधायक नहीं हैं, वहां दावेदारों और जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस भरोसा यात्रा : जब ‘भूपेश’ ने चलाई बुलेट! 90 विधानसभा में दिग्गज भी हुए शामिल

पाटन से सीएम ने की शुरुआत

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार का सम्मान कर भूपेश बघेल ने यात्रा की शुरुआत की। सीएम ने कहा कि, किसानों के हित में हमने फैसले लिए। जब चुनाव आया तब केंद्र सरकार कहती है कि पैसा हम देते हैं। प्रधानमंत्री ने बोनस देने के लिए मना किया है। मैंने उन्हें पत्र लिखकर कहा कि, बस आप अनुमति दो बोनस हम देंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मॉडल है जिसने मोहब्बत की दुकान खोल रखी है।

PSC घोटाले को लेकर कहा कि, क्या गड़बड़ी वह तो बताएं, किसी भी छात्र का हक नहीं मारा जाएगा। शिकायत मिलते ही 15 दिन में जांच कर जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई की जाएगी। हमारी सरकार ने व्यापमं की फीस माफ की है।

सरकार ने जनता का भरोसा हासिल किया- विकास उपाध्याय

रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सुबह 11 बजे यह यात्रा शुरू हुई। विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने जनता के बीच भरोसा हासिल किया है। घोषणा पत्र के 36 वादों में से 25 को पूरा किया। 51 ऐसी योजनाएं दी जिससे हर वर्ग को फायदा मिल रहा है। राशन कार्ड, स्वास्थ्य, किसानों, महिलाओं और युवाओं का जो विश्वास हमने अर्जित किया है उसे अब जनता के बीच लेकर जा रहे हैं।

साथ ही उन्होंने कहा कि ये दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक विचारधारा वो जो लोगों के घरों में मंहगाई डाका डाल रही है। दूसरी विचारधारा वो है जो लोगों को राहत पहुंचाने का काम कर रही है। चाहे राशन की बात करें, शिक्षा की बात करें या फिर किसानों की बात की जाए।

हर यात्रा सभा के साथ होगी समाप्त

पूरे विधानसभा में यात्रा करने के बाद एक सभा की जाएगी। सभा के जरिए सरकार की योजनाओं और कार्यकाल के बारे में जनता को बताया जाएगा। रमन सरकार के 15 साल का कार्यकाल भी टारगेट पर रहेगा। उनके समय में हुए घोटाले और भ्रष्टाचार के बारे में जनता को बताया जाएगा।

यह भी पढ़ें : BJP ने 50 सीटों पर नाम किए तय! रायपुर पश्चिम सीट पर ‘राजेश मूणत-आशु चंद्रवंशी’ दावेदार