कांग्रेस कार्यालय में चोरी कर गए 72 नल, जाते-जाते लिख गए ‘लव यू’; अंबिकापुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह घटना शहर के वीआईपी इलाके में हुई है, जिससे कानून व्यवस्था (Law and Order) को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

  • Written By:
  • Updated On - May 17, 2026 / 11:53 PM IST

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में कांग्रेस जिला कार्यालय (Congress)  राजीव भवन में हुई एक अनोखी चोरी ने पुलिस और प्रशासन दोनों को सवालों के घेरे में ला दिया है। शहर के गांधी चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में चोरों ने बाथरूम से करीब 72 नल (Taps) चोरी कर लिए और मौके से फरार होने से पहले फर्श पर ‘लव यू’ (Love You) लिखकर चले गए।

यह घटना शहर के वीआईपी इलाके में हुई है, जिससे कानून व्यवस्था (Law and Order) को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गंभीर सवाल उठाए हैं। खास बात यह है कि राजीव भवन में चोरी की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। लगातार हो रही चोरियों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी बढ़ गई है।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक चोरों ने बाथरूम में लगे महंगे नलों को बेहद सफाई से निकाला। जिस तरीके से चोरी को अंजाम दिया गया, उससे साफ लग रहा था कि चोरों को पकड़े जाने का कोई डर नहीं था। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चोरी की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने आशंका जताई कि इस वारदात में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार कांग्रेस कार्यालय में चोरी होना शहर की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था को दिखाता है।

बालकृष्ण पाठक ने कहा कि चोरों का इस तरह संदेश लिखकर जाना पुलिस और प्रशासन का मजाक उड़ाने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह कमजोर नजर आ रही है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।