रायपुर: डिप्टी सीएम अरुण साव (Arun Sao) समेत तीन मंत्रियों ने अपने निजी स्थापना के तहत ओएसडी और लिपिकीय कर्मचारियों में बड़े फेरबदल किए हैं। जीएडी से जारी आदेशानुसार नई नियुक्तियों को प्रभावी कर दिया गया है।
हाईस्कूल भरारी बिल्हा में पदस्थ ग्रेड 2 लिपिक डिगेश्वर राव शिंदे को स्कूल शिक्षा विभाग से हटाकर डिप्टी सीएम अरुण साव के कार्यालय में ओएसडी के रूप में नियुक्त किया गया है।
उच्च शिक्षा एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने अपने ओएसडी डिप्टी कलेक्टर गौतम सिंह की सेवाओं को मूल विभाग में वापस भेजा है। उनकी जगह बिलासपुर पीजी कालेज के प्रोफेसर डॉ. संजय तिवारी को ओएसडी के रूप में नियुक्त किया गया है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निजी स्थापना में पदस्थ प्रधान पाठक मुन्ना लाल ध्रुवे की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सरुवत स्कूल, वाड्रफनगर को स्थानांतरित कर दी गई हैं। उनकी जगह मेडिकल कॉलेज रायपुर में स्टेनो ग्रेड-3 के संतोष राम को ग्रेड-2 पद के विरुद्ध नियुक्त किया गया है, हालांकि उन्हें वेतन ग्रेड-3 ही मिलेगा। इस नियुक्ति के लिए जीएडी ने अर्हता और पात्रता नियमों में शिथिलता बरती है।
इससे पहले इसी माह स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और कौशल विकास मंत्री खुशवंत गुरू ने भी अपने स्टाफ में बदलाव किया था। ये दोनों मंत्री केवल दो महीने पहले नियुक्त हुए थे।