रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और आईपीएस प्रखर पांडेय (Prakhar Pandey) का आज दोपहर करीब 4:15 बजे हार्टअटैक से निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे भिलाई में थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने इमरजेंसी इलाज किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग और प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई।
आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) के पद पर CID विभाग में पदस्थ थे। अपने सेवा काल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारियां निभाईं। वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक रह चुके थे। इसके अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं।
प्रखर पांडेय अपनी अनुशासित कार्यशैली, सख्त लेकिन संवेदनशील नेतृत्व और प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते थे। वे पुलिस बल के बीच एक लोकप्रिय और सम्मानित अधिकारी माने जाते थे। उनके अचानक निधन से पूरा पुलिस महकमा स्तब्ध है।
छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।