केंद्र ने बढ़ाया खरीफ फसलों का MSP, छत्तीसगढ़ सरकार बोली- किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा फैसला

इसी नीति के तहत प्रदेश में देश में सबसे अधिक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।

  • Written By:
  • Updated On - May 13, 2026 / 11:18 PM IST

रायपुर: केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP (Minimum Support Price) में बढ़ोतरी का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ सरकार ने इसे किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रतिक्रिया में कहा गया है कि धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के MSP में हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी यह दिखाती है कि केंद्र सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। बयान में कहा गया कि पिछले वर्षों में धान के MSP में लगातार हुई बढ़ोतरी किसानों के सम्मान और समृद्धि के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने कहा कि राज्य में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी नीति के तहत प्रदेश में देश में सबसे अधिक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। सरकार का दावा है कि इसी वजह से राज्य में रिकॉर्ड धान खरीदी हुई है और किसानों का भरोसा डबल इंजन सरकार पर लगातार बढ़ा है।

सरकार ने कहा कि भाजपा सरकार किसान कल्याण, कृषि उन्नति और ग्रामीण समृद्धि के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने MSP बढ़ाने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार भी जताया है।

केंद्र सरकार के इस फैसले को आगामी खरीफ सीजन से पहले किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। माना जा रहा है कि MSP बढ़ने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और कृषि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी।