पद्मश्री सुरेंद्र दुबे का हार्ट अटैक से निधन, अंतिम संस्कार कल रायपुर में

By : ira saxena, Last Updated : June 26, 2025 | 6:33 pm

रायपुर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर हास्य कवि और पद्मश्री सम्मानित डॉ. सुरेंद्र दुबे (Surendra Dubey) का गुरुवार को रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और इलाज के दौरान दो बार कार्डिएक अरेस्ट आने से उनका निधन हो गया।

डॉ. दुबे की तबीयत पिछले कुछ दिनों से नाजुक बनी हुई थी। हार्ट ब्लॉकेज के बाद उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी और स्थिति सामान्य होने लगी थी, लेकिन आईसीयू में बेचैनी के चलते उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. स्मित श्रीवास्तव के अनुसार, दो बार कार्डिएक अरेस्ट आने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

पद्मश्री सुरेंद्र दुबे का अंतिम संस्कार शुक्रवार 27 जून को सुबह 10:30 बजे रायपुर के मारवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा अशोका प्लेटिनम, बंगला नंबर 25 से प्रारंभ होगी।

अपनी मौत की अफवाहों पर वे अक्सर हंसते हुए कहते थे—”टाइगर अभी जिंदा है।” आज वही टाइगर हमें छोड़कर चला गया।

डॉ. दुबे के निधन की जानकारी उनके पारिवारिक मित्र व भाजपा नेता उज्ज्वल दीपक ने सोशल मीडिया के जरिए दी। निधन पर कवि कुमार विश्वास, राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप व मीर अली मीर समेत कई हस्तियों ने गहरा शोक जताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिखा— “छत्तीसगढ़ी साहित्य और हास्य काव्य के शिखर पुरुष पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे जी का निधन साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने विलक्षण हास्य और तीक्ष्ण व्यंग्य से देश-विदेश के मंचों को गौरवान्वित किया और छत्तीसगढ़ी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाई।”

उनकी रचनात्मकता, जीवंतता और समाज को दी गई हंसी हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। ओम शांति।