महासमुंद, छत्तीसगढ़। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास (Confidence), सकारात्मक सोच (Positive Thinking) और समग्र कल्याण (Holistic Wellbeing) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले नौ वर्षों से आयोजित किए जा रहे परीक्षा पे चर्चा (Pariksha Pe Charcha) कार्यक्रम का मुख्य आयोजन इस वर्ष 6 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (Live Telecast) यूट्यूब, फेसबुक लाइव, दूरदर्शन, पीएम ई-विद्या टीवी, रेडियो चैनलों और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम के लिंक प्राप्त होते ही विकासखंडों के माध्यम से जिले के सभी स्कूलों को उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण में इस वर्ष महासमुंद जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, नयापारा की कक्षा 12वीं गणित संकाय की छात्रा सृष्टि साहू का चयन राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के दौरान छात्रा सृष्टि साहू से सीधे संवाद करेंगे, जो जिले के लिए गर्व का विषय है।
जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा रेखराज शर्मा द्वारा जिले के सभी विकासखंडों के संबंधित अधिकारियों, प्राचार्यों और शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर सार्वजनिक और निजी स्थलों पर भी कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा, ताकि बड़ी संख्या में विद्यार्थी बिना तनाव के सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल हो सकें और अभिभावकों व शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
