सक्ती वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, 10 मजदूरों की मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

By : hashtagu, Last Updated : April 14, 2026 | 8:38 pm

सक्ती (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले (Shakti district)  में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार 14 अप्रैल को बड़ा हादसा (accident) हुआ, जब प्लांट का बॉयलर (boiler) फट गया। इस दर्दनाक विस्फोट (blast) में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 घायल (injured) मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कलेक्टर ने इस गंभीर घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि हादसे के हर पहलू की गहन जांच कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाए।

प्रशासन की टीम हादसे के तुरंत बाद सक्रिय हो गई। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरी टीम को अलर्ट कर दिया गया था और प्राथमिकता के आधार पर सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि सभी को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है।

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज के लिए जिला प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना की निष्पक्ष और गहन जांच होगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।