रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी लोक गायिका (Folk Singer) और पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) से सम्मानित डॉ. तीजन बाई (Teejan Bai) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर स्थित एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और अब उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार तीजन बाई को बुधवार देर रात एम्स रायपुर के एमआईसीयू में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने के समय उनकी हालत काफी गंभीर थी। डॉक्टरों ने तुरंत जांच शुरू की और इलाज प्रारंभ किया। मेडिकल जांच में पता चला कि उनके फेफड़ों में पानी भर गया है और उन्हें निमोनिया की शिकायत भी है। साथ ही उनका ब्लड प्रेशर भी काफी कम था, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई थी।
तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचाने और डॉक्टरों के त्वरित इलाज से अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं, लेकिन उम्र को देखते हुए डॉक्टर पूरी सावधानी बरत रहे हैं। डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
तीजन बाई की तबीयत खराब होने की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि अब स्वास्थ्य में सुधार की खबर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
तीजन बाई छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान मानी जाती हैं। उन्होंने पंडवानी कला को देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक पहुंचाया है। महाभारत की कथाओं को अपने अनोखे अंदाज में प्रस्तुत करने के कारण उन्हें दुनियाभर में खास पहचान मिली। उनकी प्रस्तुति शैली और आवाज ने भारतीय लोक कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई।
अपने लंबे सांस्कृतिक योगदान के लिए तीजन बाई को कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें साल 1988 में पद्मश्री, 1995 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और 2019 में देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
एम्स रायपुर के डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही वे पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेंगी।