बीजेपी मुख्यालय में बड़ा मंथन, कल मंत्रिमंडल विस्तार पर हो सकती है चर्चा, शिवप्रकाश और नितिन नबीन मौजूद

By : hashtagu, Last Updated : June 17, 2025 | 9:03 pm

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी मंत्री और विधायक बुधवार (18 जून) को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय (BJP State HQ) में अहम बैठक के लिए बुलाए गए हैं। इस बैठक में संगठन स्तर पर मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की समीक्षा होगी। राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन बैठक की अगुवाई करेंगे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी रायपुर पहुंचे हैं।

बैठक में खाली मंत्री पदों और संभावित नए चेहरों को लेकर चर्चा संभव मानी जा रही है। खासकर संस्कृति और स्कूल शिक्षा विभाग, जो फिलहाल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास है, उसके लिए नए मंत्री का चयन जरूरी है। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद यह पद रिक्त है। इसके साथ दो और नए मंत्रियों की संभावनाएं भी जोर पकड़ रही हैं।

इस बीच विधानसभा के मानसून सत्र की अधिसूचना भी जारी हो गई है। 14 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी। सत्र से पहले बीजेपी की रणनीतिक बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक अलग से और मंत्रियों की बैठक अलग से होगी। माना जा रहा है कि संगठन के वरिष्ठ नेता मंत्रिमंडल में संभावित बदलावों पर मंथन कर सकते हैं। पार्टी अब पूरी तरह से शासन के कामकाज पर फोकस कर रही है।