मुख्य सचिव अमिताभ जैन को तीन महीने का एक्सटेंशन, नई नियुक्ति पर फिलहाल विराम

हाल के दिनों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि नया मुख्य सचिव कौन होगा। बताया जा रहा था कि इस बार मुख्य सचिव के चयन में केंद्र और राज्य दोनों की पसंद को महत्व दिया जाएगा। इसी वजह से राज्य सरकार ने आखिरी वक्त तक अपने पत्ते नहीं खोले।

  • Written By:
  • Updated On - June 30, 2025 / 04:08 PM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़  सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी और वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन (Amitabh Bachchan) को सेवानिवृत्ति के दिन ही तीन महीने का सेवा विस्तार देकर चौंका दिया है। सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। इससे पहले तक यह तय माना जा रहा था कि 30 जून को उनकी विदाई होगी और राज्य को नया मुख्य सचिव मिलेगा।

हालांकि, केंद्र सरकार की अनुमति मिलते ही राज्य सरकार ने अंतिम क्षण में रुख बदलते हुए जैन को सेवा में बनाए रखने का फैसला किया। सोमवार को ही उन्हें विदाई समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाना था, लेकिन अब वे आगामी तीन महीनों तक पद पर बने रहेंगे।

संभावित उत्तराधिकारी पर लग गई विराम

इससे पहले प्रशासनिक हलकों में नए मुख्य सचिव को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं। नामों की दौड़ में प्रमुख रूप से सुब्रत साहू, मनोज पिंगुआ, रेणु जी पिल्ले, अमित अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम सामने आए थे। इनमें सुब्रत साहू सबसे आगे माने जा रहे थे, जबकि मनोज पिंगुआ और रेणु जी पिल्ले के नामों पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा था। लेकिन फिलहाल सरकार ने कोई नया नाम घोषित नहीं किया है।

विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो इस बार राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय बनाकर नया मुख्य सचिव चुनना चाहती है, इसलिए निर्णय को फिलहाल टाल दिया गया है। कैबिनेट में भी इस विषय पर चर्चा हुई, लेकिन अंतिम निर्णय मौजूदा मुख्य सचिव को ही कुछ और समय देने का लिया गया।

मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात रही संकेतात्मक

रविवार शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रामेश बैस से मुलाकात की थी, जिसे “राज्यहित से जुड़े विषयों पर चर्चा” करार दिया गया। हालांकि, राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसे सेवा विस्तार से जोड़कर देखा गया और अंततः वही हुआ।

अब आगे क्या?

सरकार का यह फैसला एक ओर जहां प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने का संकेत देता है, वहीं यह भी साफ करता है कि शीर्ष स्तर पर अफसरशाही में बदलाव को लेकर सरकार अत्यधिक सतर्कता बरत रही है। सेवा विस्तार की यह अवधि सरकार को नए मुख्य सचिव के चयन के लिए और अधिक समय और लचीलापन देगी।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आगामी तीन महीनों के भीतर छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव कौन मिलेगा और क्या दौड़ में शामिल नामों में से ही किसी एक को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।