रायपुर : छत्तीसगढ़ को आज नया मुख्य सचिव (Chief Secretary) मिल सकता है। मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन आज रिटायर हो रहे हैं और उनके उत्तराधिकारी के तौर पर सुब्रत साहू का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं मनोज पिंगुआ के नाम पर भी गंभीरता से विचार हो रहा है। इन दोनों में से किसी एक के नाम का ऐलान आज होने की पूरी संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐलान से ठीक पहले राज्यपाल से मुलाकात की, जिसे प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी तस्वीरों में सीएम और राज्यपाल की बैठक को औपचारिक रूप से ‘राज्य हित से जुड़ी बातचीत’ बताया गया।
सुब्रत साहू: सबसे मजबूत दावेदार
1992 बैच के आईएएस अफसर सुब्रत साहू छत्तीसगढ़ कैडर के हैं और वर्तमान में धर्मस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर कार्यरत हैं। रामलला तीर्थ दर्शन योजना में उनकी भूमिका सराही जा रही है। एक राष्ट्रीय सर्वे में उन्हें देश के 50 सबसे प्रभावशाली IAS अफसरों में गिना गया था।
मनोज पिंगुआ: दिल्ली कनेक्शन से बढ़ी संभावनाएं
1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस मनोज पिंगुआ हाल ही में प्रधानमंत्री कार्यालय के कुछ अफसरों से दिल्ली में मिले थे। इसके बाद से यह चर्चा तेज हुई कि उन्हें मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। सूत्रों का कहना है कि इस बाबत सीएम ने राज्यपाल को जानकारी दे दी है।
अन्य नाम जो चर्चा में हैं
सुबोध सिंह: केंद्र से वापसी के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रमुख सचिव की भूमिका निभा रहे हैं।
रेणु पिल्ले: 1991 बैच की आईएएस, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की एसीएस हैं।
ऋचा शर्मा: 1994 बैच की अधिकारी, फॉरेस्ट व क्लाइमेट चेंज की एसीएस हैं।
निधि छिब्बर: केंद्र में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री की सचिव।
विकासशील: एशियन डेवलपमेंट बैंक में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
स्थायी डीजीपी की भी जल्द नियुक्ति संभव
राज्य में फिलहाल अरुण देव गौतम अस्थायी डीजीपी के तौर पर कार्यरत हैं। डीजीपी के स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो सकती है। गौतम की कार्यशैली, राजनीतिक संतुलन और विवादों से दूरी को देखते हुए उन्हें प्रबल दावेदार माना जा रहा है। राज्य में पूर्व में भी अस्थायी प्रभारी को ही स्थायी डीजीपी बनाया गया है।