ऊर्जा क्षेत्र के 25 साल की उपलब्धियों का दस्तावेज बना ‘ऊर्जावान छत्तीसगढ़’, CM साय ने किया कॉफी टेबल बुक का विमोचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र में आए ऐतिहासिक परिवर्तनों, अधोसंरचना विकास, तकनीकी नवाचारों और जनसेवा आधारित प्रयासों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

  • Written By:
  • Updated On - December 14, 2025 / 09:47 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र (power sector) की 25 वर्षों की विकास यात्रा को समर्पित कॉफी टेबल बुक ‘ऊर्जावान छत्तीसगढ़’ का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवीन विधानसभा परिसर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में विमोचन किया। यह पुस्तक छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल द्वारा रजत महोत्सव के अवसर पर विशेष रूप से प्रकाशित की गई है, जिसमें राज्य गठन से अब तक ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति, उपलब्धियों और विकास को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र में आए ऐतिहासिक परिवर्तनों, अधोसंरचना विकास, तकनीकी नवाचारों और जनसेवा आधारित प्रयासों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल और उसकी उत्तरवर्ती पावर कंपनियों की योजनाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पुस्तक में सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की स्थापना, राज्य की 32 हजार मेगावाट से अधिक विद्युत उत्पादन क्षमता, कोयला खनन के सुदृढ़ संचालन के साथ-साथ प्रदेशव्यापी पारेषण और वितरण नेटवर्क के विस्तार जैसे अहम विषयों को शामिल किया गया है। इन उपलब्धियों ने छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ऊर्जा विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण और निरंतर योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं के प्रयासों से राज्य ऊर्जा क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।