अमिताभ बच्चन ने कराया ऑपरेशन, ICU से घर लौटने के बाद बोले- सबसे मुश्किल है रिकवरी का दौर
By : hashtagu, Last Updated : July 21, 2026 | 6:28 pm
मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने हाल ही में अपनी सर्जरी (Surgery) कराने और आईसीयू (ICU) में भर्ती रहने का खुलासा किया है। अस्पताल (Hospital) से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने बताया कि घर वापसी (Homecoming) के बाद का रिकवरी (Recovery) का दौर उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल समय है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उनकी सर्जरी किस वजह से हुई और न ही अपनी बीमारी से जुड़ी कोई जानकारी साझा की।
83 वर्षीय अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि अस्पताल में सर्जरी और आईसीयू में डॉक्टरों तथा मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रहने के बाद उन्हें छुट्टी मिली और वह घर लौट आए। उन्होंने कहा कि घर लौटने के बाद का समय शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से सबसे कठिन होता है।
अमिताभ बच्चन ने अपने संदेश में जीवन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि एक समय व्यक्ति खुद को विजेता मानता है, लेकिन अचानक एक हार सामने खड़ी हो जाती है और यही जीवन का सबसे कठिन दौर होता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस चुनौती का डटकर सामना करते हैं और आगे बढ़ते हैं, जबकि कुछ लोग परिस्थितियों को स्वीकार कर अपने पुराने गौरव के साथ जीवन बिताते हैं। दोनों ही रास्ते व्यक्ति की अपनी पसंद होते हैं।
ब्लॉग के अंत में अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों के लिए संदेश देते हुए लिखा, “स्वस्थ रहें और खुश रहें।” उनके इस ब्लॉग के सामने आने के बाद प्रशंसकों में उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अभिनेता ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनकी सर्जरी किस कारण से हुई थी और फिलहाल वह घर पर आराम करते हुए स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।




