नई दिल्ली: बॉलीवुड (Bollywood) के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) को मरणोपरांत पद्म विभूषण (Posthumous Padma Vibhushan) से सम्मानित किया गया। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह (Padma Awards Ceremony) में उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान ग्रहण किया। इस दौरान समारोह का माहौल काफी भावुक नजर आया और देओल परिवार की आंखें नम हो गईं।
धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा में छह दशक से ज्यादा समय तक दिए गए योगदान के लिए देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान हेमा मालिनी को सौंपा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
हेमा मालिनी ने इस मौके को बेहद भावुक पल बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उनके साथ बेटी अहाना देओल भी समारोह में मौजूद थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सम्मान लेते समय अहाना देओल की आंखों में आंसू आ गए। ईशा देओल समारोह में शामिल नहीं हो सकीं, लेकिन परिवार के सभी सदस्य इस सम्मान से बेहद खुश हैं।
हेमा मालिनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि भारतीय सिनेमा की एक संस्था थे। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने अपनी फिल्मों, सादगी और भारतीय संस्कारों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।
धर्मेंद्र का निधन नवंबर 2025 में हुआ था। इसके बाद जनवरी 2026 में सरकार ने उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण देने की घोषणा की थी। सोमवार को आयोजित समारोह में यह सम्मान औपचारिक रूप से प्रदान किया गया।