मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) जल्द ही मुंबई के बांद्रा (Bandra) में समुद्र किनारे (Sea-facing) अपने परिवार के लिए नया छह मंजिला आवासीय भवन (Residential Building) बनवाएंगे। महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (Maharashtra Coastal Zone Management Authority-MCZMA) ने इस परियोजना (Project) को मंजूरी दे दी है। यह जमीन सलमान खान की मां सलमा खान के नाम पर दर्ज है और नया घर उनके मौजूदा गैलेक्सी अपार्टमेंट (Galaxy Apartments) से कुछ ही दूरी पर स्थित चिंबई इलाके में बनाया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, एमसीजेडएमए ने 16 जून को इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की थी। प्रस्ताव के अनुसार यहां ग्राउंड फ्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह मंजिलों वाला आधुनिक आवासीय भवन बनाया जाएगा। भवन का कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 1,014 वर्ग मीटर होगा। इस परियोजना का निर्माण सच डेवलपर्स (Sach Developers) द्वारा किया जाएगा।
जिस भूखंड पर नया भवन बनाया जाएगा, वहां पहले 1956 से पहले बना दो मंजिला मकान था। जर्जर होने के कारण उसे पहले ही गिरा दिया गया था। निर्माण के दौरान पर्यावरणीय नियमों का पालन किया जाएगा और किसी भी पेड़ को नहीं काटा जाएगा। इसके बजाय आसपास स्थानीय प्रजाति के नए पेड़ लगाए जाएंगे।
सलमान खान और उनका परिवार वर्ष 1974 से बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहा है। हालांकि नए घर के निर्माण को लेकर मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभिनेता या उनके परिवार की ओर से अभी तक गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पिछले कुछ वर्षों में सलमान खान की सुरक्षा लगातार चर्चा में रही है। वर्ष 2024 में उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी और बाद में घुसपैठ की घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में माना जा रहा है कि नया समुद्र किनारे स्थित स्वतंत्र आवास परिवार को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षा और निजता उपलब्ध कराएगा। हालांकि इस संबंध में भी परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।