मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, 3219 बोरी खाद जब्त, अधिक कीमत वसूलने वाला केंद्र सील

किसानों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही है। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की

  • Written By:
  • Publish Date - June 27, 2026 / 05:37 PM IST

अंबिकापुर (सरगुजा): मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 (Chief Minister Helpline 1076) पर किसानों की शिकायत के बाद सरगुजा जिले में कृषि विभाग (Agriculture Department) ने उर्वरक (Fertilizer) की कालाबाजारी (Black Marketing) और अधिक कीमत (Overpricing) वसूले जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने 3,219 बोरी उर्वरक जब्त कर संबंधित खाद विक्रय केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

किसानों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही है। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए 3,219 बोरी उर्वरक जब्त कर लिया और संबंधित केंद्र को सील कर दिया।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालाबाजारी, जमाखोरी और मनमाने दाम वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सरकार ने कहा है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी जिलों में उर्वरक वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है। यदि कहीं भी अधिक कीमत वसूली, जमाखोरी या कृत्रिम संकट पैदा करने की शिकायत मिलती है तो तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है या उर्वरक की कालाबाजारी करता है, तो इसकी सूचना तुरंत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 या संबंधित कृषि अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।