नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में 235 करोड़ का बड़ा निवेश, 4,650 युवाओं को मिलेगा रोजगार

यह नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में स्थापित होने वाली पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। कंपनी यहां निट गारमेंट्स और बच्चों के परिधानों का उत्पादन करेगी, जिनका निर्यात यूरोप और अमेरिका के बाजारों में किया जाएगा

  • Written By:
  • Publish Date - June 27, 2026 / 05:34 PM IST

रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नवा रायपुर (Nava Raipur) स्थित टेक्सटाइल पार्क (Textile Park) में औद्योगिक विकास (Industrial Development) को नई रफ्तार मिलने जा रही है। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड (Swift Textiles Private Limited) यहां 235 करोड़ रुपये का निवेश (Investment) कर अत्याधुनिक गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट (Garment Manufacturing Unit) स्थापित करेगी। इस परियोजना से करीब 4,650 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार (Direct Employment) मिलने की उम्मीद है।

यह नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में स्थापित होने वाली पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी। कंपनी यहां निट गारमेंट्स और बच्चों के परिधानों का उत्पादन करेगी, जिनका निर्यात यूरोप और अमेरिका के बाजारों में किया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि इससे छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख वस्त्र निर्माण केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। इस निवेश से विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

करीब 81 एकड़ में विकसित किए जा रहे नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में उद्योगों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। यहां आंतरिक सड़कें, बिजली आपूर्ति, जल वितरण प्रणाली, सब-स्टेशन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र, ठोस कचरा प्रबंधन और लॉजिस्टिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि निवेशकों को तैयार औद्योगिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशंस और दृष्टि डिजाइंस एलएलपी को भी टेक्सटाइल पार्क में भूमि आवंटित की गई है। इन तीनों कंपनियों का कुल प्रस्तावित निवेश लगभग 445 करोड़ रुपये है, जिससे 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

राज्य सरकार के अनुसार पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को डेटा सेंटर, सूचना प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्सटाइल समेत विभिन्न क्षेत्रों में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार का लक्ष्य उद्योगों के विस्तार के साथ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को कौशल विकास के जरिए रोजगार से जोड़ना है।

यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत वस्त्र और रेडीमेड गारमेंट क्षेत्र को बढ़ावा देने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है। सरकार को उम्मीद है कि इससे राज्य में निर्यात आधारित उद्योगों का विस्तार होगा और बड़े पैमाने पर स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा होंगे।