नागरिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री मोहन यादव
By : hashtagu, Last Updated : May 10, 2025 | 12:12 pm

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने शुक्रवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा हमारा परम धर्म है और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी विभाग अपनी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के सभी आवश्यक ऐहतियाती कदम तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
सीएम ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र विरोधी किसी भी प्रचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए और नागरिकों को अफवाहों से बचने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने केंद्रीय और राज्य सरकार के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही और आपदा प्रबंधन के उपायों को भी मजबूत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अद्यतन सुरक्षा व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं की स्थिति और विभागीय समन्वय की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को आपसी तालमेल को बेहतर बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए सभी विभाग तत्परता और सजगता के साथ तैयार रहें।
सीएम ने यह भी कहा कि जब तक परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं, नागरिक सुविधाओं की सहज आपूर्ति से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी और फील्ड अमला अवकाश पर न जाएं।
इस बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव गृह जेएन कंसोटिया, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जल संसाधन डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार, एडीजी ए. साईं मनोहर, सैन्य अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।