देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में भाजपा किसान मोर्चा (BJP Kisan Morcha) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह के स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्वागत मंच (Stage) अचानक टूट गया, जिससे मंच पर मौजूद नेता और कार्यकर्ता नीचे गिर पड़े। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक टिकेंद्र प्रताप सिंह ने 12 मई को देवास भाजपा जिला कार्यालय में पदभार ग्रहण किया था। इसके बाद वे क्षेत्रीय दौरे पर निकले थे, जहां जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा था। हाटपिपल्या क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मंच पर भाजपा नेता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक मंच का संतुलन बिगड़ गया और पूरा मंच भरभराकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि मंच पर जरूरत से ज्यादा लोग चढ़ गए थे, जिसके कारण वजन बढ़ने से मंच टूट गया। हादसे के समय टिकेंद्र प्रताप सिंह का स्वागत किया जा रहा था और कार्यकर्ता उनके साथ मंच पर मौजूद थे।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग आयोजन व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर्स ने कार्यक्रम में सुरक्षा और मंच निर्माण की गुणवत्ता पर भी टिप्पणी की है।
मध्य प्रदेश के देवास जिले में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष टिकेंद्र प्रताप सिंह के स्वागत कार्यक्रम में मंच टूट गया. इस वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. #mpnews #dewasnews pic.twitter.com/LrlOOv1n8q
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) May 13, 2026