इंदौर, मध्य प्रदेश। इंदौर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सदाशिव यादव (Congress Leader, Sadashiv Yadav) के नाम से शादी का एक फर्जी निमंत्रण पत्र (Fake Wedding Invitation) सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। यह फर्जी कार्ड सामने आते ही राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। नेता ने इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल इस निमंत्रण पत्र में 24 फरवरी 2026 की तारीख डालकर लोगों को एक कथित शादी समारोह में आमंत्रित किया गया था। कार्ड के साथ एक लिंक (Link) भी साझा किया गया, जिसे लेकर आशंका जताई जा रही है कि यह साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) का मामला हो सकता है। इस फर्जी कार्ड के वायरल होने से कई लोग भ्रमित हो गए और उन्होंने इसकी पुष्टि के लिए सीधे सदाशिव यादव से संपर्क किया।
फर्जी कार्ड की जानकारी मिलते ही सदाशिव यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि यह निमंत्रण पूरी तरह फर्जी है और उनका इससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि उनका मोबाइल फोन (Mobile Phone) या सोशल मीडिया अकाउंट (Social Media Account) हैक हुआ हो सकता है, जिसके जरिए इस तरह की भ्रामक सामग्री फैलाई गई।
सदाशिव यादव ने अपने सभी परिचितों, रिश्तेदारों और समर्थकों से अपील की है कि इस फर्जी निमंत्रण पत्र या उसके साथ भेजे गए किसी भी लिंक को न खोलें और न ही आगे साझा करें। उन्होंने कहा कि शादी जैसे निजी और संवेदनशील विषय का दुरुपयोग कर इस तरह की फर्जी सामग्री फैलाना गंभीर मामला है और इसकी शिकायत संबंधित एजेंसियों से की जा रही है।
इस घटना के बाद राजनीतिक हस्तियों के नाम का इस्तेमाल कर बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के फर्जी निमंत्रण और लिंक लोगों को ठगने या डेटा चोरी करने का जरिया हो सकते हैं, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है।
