भोपाल : मध्य प्रदेश में मार्च के बीच ही गर्मी (summer) ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा गर्मी नर्मदापुरम में दर्ज की गई जहां लगातार दूसरे दिन लू चली और तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से करीब 6.6 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। रतलाम में तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मंडला में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। धार और खजुराहो में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दमोह में पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस और खरगोन में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा सागर टीकमगढ़ और सिवनी में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। बड़े शहरों की बात करें तो राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में 37.6 डिग्री सेल्सियस जबकि जबलपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। उज्जैन में 37.4 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया है कि 14 मार्च से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना बन रही है। इसके चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को ग्वालियर दतिया भिंड बालाघाट मंडला मुरैना डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद 16 मार्च को रीवा सीधी सिंगरौली शहडोल मऊगंज अनूपपुर डिंडौरी मंडला बालाघाट छिंदवाड़ा सिवनी और पांढुर्णा में बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 17 मार्च को अनूपपुर डिंडौरी बालाघाट और मंडला जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।