उज्जैन (मध्य प्रदेश): उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर (Mahakal temple) में दर्शन के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। मुंबई (Mumbai) से आई एक महिला श्रद्धालु के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा कथित मारपीट (assault) का वीडियो सोशल मीडिया (social media) पर वायरल हो गया है। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और गार्डों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी महिला श्रद्धालु अपनी तीन महिला मित्रों के साथ मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़ी थी। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों ने लाइन को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए दबाव बनाया। महिला के विरोध करने पर पहले बहस हुई और फिर मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।
वायरल वीडियो में महिला श्रद्धालु रोती हुई नजर आ रही है। महिला का आरोप है कि पुरुष सुरक्षा गार्डों ने उनके कंधों पर हाथ रखकर धक्का दिया और विरोध करने पर महिला सुरक्षा गार्ड को बुलाकर उन पर हमला कराया गया। महिला का कहना है कि करीब आठ सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर उनका कॉलर पकड़ा, मारपीट की और उन्हें जबरन दर्शन लाइन से बाहर निकाल दिया।
घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में भी नाराजगी फैल गई। कुछ लोगों ने सुरक्षा गार्डों के रवैये का विरोध किया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। हालात संभालने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने कुछ श्रद्धालुओं को बाहर निकाल दिया और कुछ देर के लिए मुख्य गेट भी बंद कर दिया गया।
पीड़ित महिला श्रद्धालु ने महाकाल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं एक महिला सुरक्षा गार्ड की ओर से भी श्रद्धालु के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
इस पूरे मामले पर अभी तक मंदिर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और मंदिर प्रबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
