T20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को झटका, हर्षित राणा टूर्नामेंट से बाहर, सिराज की एंट्री तय

टीम मैनेजमेंट और मेडिकल टीम की जांच के बाद साफ हो गया कि हर्षित राणा समय पर फिट नहीं हो पाएंगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राणा की चोट गंभीर है और उनका खेलना संभव नहीं है

  • Written By:
  • Publish Date - February 6, 2026 / 04:23 PM IST

नवी मुंबई (महाराष्ट्र): आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट (Indian Cricket) टीम को बड़ा झटका लगा है। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) घुटने की चोट (knee injury) के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। हर्षित राणा को यह चोट 4 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। वह मैच में केवल एक ओवर ही डाल सके थे, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और इसके बाद मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे।

टीम मैनेजमेंट और मेडिकल टीम की जांच के बाद साफ हो गया कि हर्षित राणा समय पर फिट नहीं हो पाएंगे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राणा की चोट गंभीर है और उनका खेलना संभव नहीं है। चयन समिति ने हर्षित राणा की जगह अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को टीम में शामिल करने का फैसला किया है, जो पहले से ही स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में थे।

इस बीच भारतीय टीम की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) की फिटनेस को लेकर भी चिंता बनी हुई है, क्योंकि वह भी चोट से जूझ रहे हैं और उनका पहला मैच खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।

भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को अमेरिका (USA) के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। हर्षित राणा के बाहर होने से टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी इकाई पर असर पड़ सकता है, हालांकि मोहम्मद सिराज के अनुभव से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।