मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में UCC समेत कई अहम मुद्दों पर घमासान, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी का नाम बदलने का मामला भी गरमाया

विधानसभा सचिवालय के अनुसार पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान कुल 1,756 प्रश्न लगाए गए हैं। इनमें 900 तारांकित और 856 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - July 20, 2026 / 05:20 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा (MP Vidhan Sabha) के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC) और बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने का प्रस्ताव प्रमुख राजनीतिक मुद्दे बन गए हैं। सदन में इन विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। इसके अलावा सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश कर सकती है।

विधानसभा सचिवालय के अनुसार पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान कुल 1,756 प्रश्न लगाए गए हैं। इनमें 900 तारांकित और 856 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 267 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, पांच स्थगन प्रस्ताव, 20 गैर-सरकारी संकल्प और 77 शून्यकाल सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं।

सत्र के दौरान राज्य सरकार समान नागरिक संहिता (UCC) से जुड़े विधेयक को सदन में पेश कर सकती है। हालांकि इसे लेकर अंतिम निर्णय सरकार की ओर से लिया जाएगा। UCC को लेकर पहले से ही प्रदेश की राजनीति गर्म है और विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

इधर, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलकर ‘वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय’ किए जाने का प्रस्ताव भी विवाद का कारण बना हुआ है। विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देकर राज्यपाल एवं कुलाधिपति के पास अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा है। प्रस्ताव में राजा भोज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया गया है, जबकि विपक्ष और कई शिक्षाविद इसे स्वतंत्रता सेनानी मौलाना बरकतउल्ला भोपाली की विरासत से जोड़ते हुए इसका विरोध कर रहे हैं।

मानसून सत्र के दौरान इन दोनों मुद्दों के अलावा कानून-व्यवस्था, किसानों, विकास कार्यों और अन्य जनहित के विषयों पर भी सरकार और विपक्ष के बीच तीखी चर्चा होने की संभावना है।