मध्य प्रदेश में 10 से 6 अनिवार्य ड्यूटी: CM मोहन यादव का सख्त आदेश, देर से आने वालों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि निर्धारित समय का पालन हर अधिकारी और कर्मचारी को करना होगा। देर से आने या समय से पहले कार्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति पर सख्त नजर रखी जाएगी।

  • Written By:
  • Publish Date - February 26, 2026 / 03:26 PM IST

भोपाल, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सरकारी दफ्तरों (Government Offices) की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr Mohan Yadav) ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। राजधानी भोपाल स्थित वल्लभ भवन, सतपुड़ा भवन और विंध्याचल भवन सहित सभी प्रमुख कार्यालयों में अब सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि निर्धारित समय का पालन हर अधिकारी और कर्मचारी को करना होगा। देर से आने या समय से पहले कार्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति पर सख्त नजर रखी जाएगी। यदि कोई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से औचक निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है। निगरानी दल विभिन्न कार्यालयों में उपस्थिति रजिस्टर और बायोमेट्रिक रिकॉर्ड की जांच करेंगे। इनकी रिपोर्ट सीधे उच्च स्तर पर भेजी जाएगी, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके।

सरकार का कहना है कि यह फैसला जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि आम लोगों के काम समय पर पूरे हों और दफ्तरों में अनुशासन बना रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरकार को उम्मीद है कि इस सख्ती से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।