नौतपा से पहले मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग का कहना है कि 25 मई से शुरू होने वाला नौतपा इस बार और ज्यादा गर्म रह सकता है। अगले 10 दिनों तक प्रदेश में गर्म हवाएं चलने और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

  • Written By:
  • Publish Date - May 24, 2026 / 12:18 AM IST

भोपाल: मध्य प्रदेश में नौतपा (Nautapa) शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी (Heatwave) ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में लू (Heatwave) का रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है। राज्य के कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुसार निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में गंभीर लू की स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना जताई गई है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, सागर, दमोह, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और इंदौर समेत कई शहरों में सुबह 9 बजे से ही तेज गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम वैज्ञानिक एच एस पांडे ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

मौसम विभाग का कहना है कि 25 मई से शुरू होने वाला नौतपा इस बार और ज्यादा गर्म रह सकता है। अगले 10 दिनों तक प्रदेश में गर्म हवाएं चलने और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले कई दिनों तक गंभीर लू की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों को हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।