छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन झमाझम बारिश के आसार, रायपुर में तेज बारिश के बाद बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून राज्य के शेष क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा और पूरा छत्तीसगढ़ इसकी चपेट में आ जाएगा।

  • Written By:
  • Publish Date - June 27, 2026 / 05:31 PM IST

रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में मानसून (Monsoon) ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (India Meteorological Department-IMD) ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश (Rain) और गरज-चमक (Thunderstorm) के साथ बिजली गिरने (Lightning) की चेतावनी जारी की है। शनिवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून राज्य के शेष क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा और पूरा छत्तीसगढ़ इसकी चपेट में आ जाएगा। पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

तापमान की बात करें तो बिलासपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मानसून अब तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है।

वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ जिलों में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के पहुंचने की संभावना है। इन क्षेत्रों में फिलहाल प्री-मानसून की बारिश हो रही है, हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने अभी इन जिलों में मानसून के आधिकारिक प्रवेश की घोषणा नहीं की है।