लद्दाख हिंसा में 4 की मौत, सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने 15 दिन से चल रहे आमरण अनशन को बुधवार शाम समाप्त कर दिया।

  • Written By:
  • Publish Date - September 24, 2025 / 10:12 PM IST

लेह, लद्दाख: लद्दाख (Ladakh) को राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल किए जाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। राजधानी लेह में हुई हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने 15 दिन से चल रहे आमरण अनशन को बुधवार शाम समाप्त कर दिया। उन्होंने यह अनशन लद्दाख के लोगों के अधिकारों की मांग के समर्थन में शुरू किया था।

दिन की शुरुआत लेह में पूर्ण बंद के साथ हुई। सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पूरे शहर में धुएं के गुबार और आग की लपटें दूर-दूर तक नजर आईं।

स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज, आंसू गैस और फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल का प्रयोग किया गया।

प्रशासन ने BNSS की धारा 163 के तहत पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

वहीं, कांग्रेस नेता और पार्षद फुंतसोग स्टैनजिन त्सेपग पर मंगलवार को अनशन स्थल पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया गया है।

अब आंदोलन और प्रशासन के बीच टकराव और गहराने की आशंका है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने का भी डर बना हुआ है।