बेंगलुरु: कर्नाटक की पूर्व विधायक और पेशे से डॉक्टर अंजलि निम्बलकर (Anjali) ने गोवा–नई दिल्ली फ्लाइट में एक अमेरिकी महिला यात्री की जान बचाई। महिला यात्री को उड़ान के दौरान अचानक स्वास्थ्य समस्या हुई, उसके पसीने निकल गए और वह बेहोश होकर पल्स खो बैठी। इस दौरान निम्बलकर ने तुरंत कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) शुरू किया और महिला को जीवनदान दिया।
अंजलि निम्बलकर कांग्रेस की AICC सचिव सह-इनचार्ज भी हैं, और वे दिल्ली में रामलीला मैदान में आयोजित “वोट चोरी” रैली में भाग लेने जा रही थीं। उन्होंने पूरी उड़ान के दौरान महिला यात्री के पास रहकर उसकी देखभाल की और उसे आश्वस्त किया। नई दिल्ली पहुंचने के बाद महिला को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने निम्बलकर की तत्परता और साहस की सराहना की।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने X पर पोस्ट कर अंजलि निम्बलकर की तारीफ की। उन्होंने कहा, “यह जानकर बेहद गर्व और भावुकता हुई कि पूर्व विधायक और डॉक्टर अंजलि निम्बलकर ने फ्लाइट में अमेरिकी महिला की जान बचाई। यह न केवल उनके पेशेवर कौशल, बल्कि मानवता और सेवा भाव का भी परिचायक है।” उन्होंने कहा कि यह कृत्य समाज के लिए नेतृत्व और सार्वजनिक सेवा का एक उदाहरण है।
इस सम्मान के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए अंजलि निम्बलकर ने कहा कि उन्होंने केवल एक डॉक्टर के नाते अपना कर्तव्य निभाया।