भाजपा का आरोप: कांग्रेस ने 86 साल तक छिपाए सरदार पटेल पर मुस्लिम लीग के हमलों के तथ्य

भाजपा ने बताया कि 14 मई 1939 को भावनगर में जब सरदार पटेल प्रजा परिषद का नेतृत्व करने पहुंचे, तो मुस्लिम लीग से जुड़े लोग नगीना मस्जिद से उनके जुलूस पर हमला करने आए।

  • Written By:
  • Publish Date - October 31, 2025 / 04:26 PM IST

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने सरदार वल्लभभाई पटेल (Sardar Patel) पर हुए हमलों को 86 साल तक छिपाया। भाजपा ने बताया कि यह हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं था, बल्कि भारत की एकता पर हमला था। पार्टी ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई पोस्ट और इतिहासकार रिजवान कादरी के खुलासे साझा किए।

भाजपा के अनुसार, 1939 में मुस्लिम लीग ने सरदार पटेल पर दो घातक हमले करवाए। पहले हमले में 20 जनवरी को वडोदरा में पटेल का जुलूस गुजरते समय मुस्लिम लीग समर्थित गुंडों ने पथराव किया और प्रजामंडल कार्यालय में आग लगा दी। इसके बावजूद कांग्रेस ने चुप्पी साधी।

भाजपा ने बताया कि 14 मई 1939 को भावनगर में जब सरदार पटेल प्रजा परिषद का नेतृत्व करने पहुंचे, तो मुस्लिम लीग से जुड़े लोग नगीना मस्जिद से उनके जुलूस पर हमला करने आए। इस हमले में बच्चू वीरजी और जाधवजी मोदी शहीद हो गए और दर्जनों लोग घायल हुए। पार्टी ने कहा कि इतनी हिंसा के बावजूद सरदार पटेल ने एकता का मार्ग नहीं छोड़ा।

भाजपा का आरोप है कि आजादी के बाद कांग्रेस और उसके इतिहासकारों ने इन घटनाओं को पाठ्यपुस्तकों और आर्काइव से हटा दिया। किसी ने मुस्लिम लीग की भूमिका या कांग्रेस की चुप्पी का जिक्र नहीं किया। पार्टी ने सत्र न्यायालय (भावनगर) के आधिकारिक रिकॉर्ड भी साझा किए, जिनमें 13 प्रमुख अभियुक्तों की सूची थी। भाजपा का दावा है कि यह प्राथमिक न्यायिक साक्ष्य सीधे मुस्लिम लीग से जुड़े लोगों को षड्यंत्र से जोड़ता है।